PM Modi Rally in Jharkhand: कहीं कोई भ्रम नहीं, जहां कमल है वहीं मोदी है

PM-Modi..File_.jpg

रांची, PM Modi Rally in Jharkhand : झारखंड पुकारा, भाजपा दोबारा…सत्‍ता वापसी की पुरजोर कोशिश में जुटी बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूंटी और जमशेदपुर में डबल इंजन सरकार के फायदे गिनाए। पीएम ने कांग्रेस और झामुमो को स्‍वार्थी और झारखंड के खनिजों का लुटेरा बताते हुए कहा कि कांग्रेस राम मंदिर और आर्टिकल 370 के मसले पर बेनकाब हो गई है। कांग्रेस और उनके मित्रों से सावधान रहें। उनका इतिहास, उनके कारनामे याद करें, उनकी नजर झारखंड की प्राकृतिक संपदा पर है। ये लोग सब कुछ लूट लेंगे। इसलिए ये डर और भ्रम का माहौल बना रहे हैं।

पीएम मोदी ने मंगलवार को जमशेदपुर की सभा में कहा कि वे झारखंड की ऊर्जावान धरती को नमन करते हैं। उन्‍होंने यहां मुख्‍यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा के बागी सरयू राय को इशारे में जवाब दिया कि कोई भ्रम नहीं है, जहां कमल का निशान है, वहीं मोदी है। सीएम रघुवर दास के विधानसभा क्षेत्र में जनसभा में पीएम ने केंद्र और राज्‍य के समन्‍वय का जिक्र करते हुए सरकार की विकास योजनाएं और उप‍लब्धियों का बखान किया। पीएम ने भाजपा उम्‍मीदवारों के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित कर एक बार फिर से झारखंड में बीजेपी की वापसी का दम भरा। खूंटी में पीएम के सभा स्‍थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। अपने चहेते मोदी को सुनने के लिए यहां दूर-दराज से बड़ी संख्‍या में लोग पहुंचे। यहां पढ़ें पीएम के संबोधन से

जुड़ा पल-पल का अपडेट… जमशेदपुर में पीएम बोले, जहां कमल है वहीं है मोदी

03.30 PM: जमशेदपुर में मोदी ने कहा कि ऐसे ही काम तब होते हैं जब डबल इंजन की सरकार होती है। उन्‍होंने कहा कि यह व्यक्तियों की बीच का चुनाव नहीं है। घर में भी बेटा व बेटी 19 साल के हो जाते हैं तो मां बाप के सोचने की तरीका बदल जाता है। झारखंड भी 19 साल का हो गया है। आगे का पूरा भविष्य इसी पांच साल में बनने वाला है। 19 से 25 साल का जीवन महत्वपूर्ण होती है। मोदी की एक ही पहचान है, कोई आपको भ्रमित करने का प्रयास करता है तो मत हो। मोदी सिर्फ कमल का फूल लेकर ही आता है। अगर कमल का फूल है तो वहां मोदी है। कमल का फूल जहां नहीं है, वहां मोदी नहीं है।

03.22 PM : कहा कि इनकम टैक्स में छूट की सीमा पांच लाख रुपये कर दिया गया है। सामान्य वर्ग को मोदी सरकार ने आरक्षण के जरिए न्याय देने का काम किया है। ऐसे ही पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया। जमशेदपुर की समस्या, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर का अभाव है। मेडिकल सेक्टर में यहां तेजी से परिवर्तन आ रहा है। आजादी के छह दशक तक तीन ही मेडिकल कॉलेज थे। बीते पांच साल में मेडिकल कॉलेज की संख्या सात हो चुकी है। पुराने जिला अस्पताल का आधुनिकीकरण का काम आने वाले समय में तेज होगा। झारखंड में मेडिकल पढ़ाई की सीटें 5 वर्ष में दोगुनी हो चुकी है। इतना ही नहीं, झारखंड को अपना पहला एम्स भी भाजपा सरकार ने दिया है। इस पर 1000 करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च की जाएगी।

03.19 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि अनुच्‍छे 370 को हाथ लगाने से सभी डरते थे। लेकिन मोदी डरा नहीं। देश की जनता ने मोदी को कठोर फैसले लेने के लिए भेजा है। मैं राजनीतिक नहीं देश नीति के बारे में सोचता हूं। इसी के कारण 370 में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख व कारगिल भी हमारे साथ खड़ा रहा। देश के लिए काम करते हैं, देश, झारखंड व जमशेदपुर भी आशीर्वाद देता है। राम जन्मभूमि विवाद को हमने सुलझाया। कांग्रेस ने सिर्फ उलझाया। सब शांति से निपट गया। यही तो रामजी की ताकत है। हमारी माताओं-बहनों को सम्मानपूर्वक जीने का हक मिलना चाहिए। हमारी मुस्लिम बहनों के साथ कितना घोर अपमान होता था। तीन तलाक जिंदगी तबाह कर देता था। शादी के बाद सपने लेकर जाती थी, तबाह होकर वापस लौटती थी। सच यह है तीन तलाक के कारण मुस्लिम पुरुष भी दुखी था। बेटी को शादी करके तो भेज रहा हूं, लेकिन तीन तलाक के कारण उसे कहीं वापस नहीं आना पड़े।

03.16 PM : मोदी ने कहा कि मेक इन इंडिया सशक्त हो रहा है। आने वाले स्टील की मांग व उत्पादन तेज होने वाला है। इससे झारखंड में स्टील उद्योग के विस्तारीकरण की पूरी संभावना है। हमारा प्रयास औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने का तो है ही, साथ ही उनके जीवन स्तर को ऊपर पहुंचाना है। श्रमिकों के लिए कानून बनने जा रहा है। भाजपा की सरकार ने उस वर्ग की चिंता की है, जिन्हें हमेशा सताया गया है। असंगठित क्षेत्र के साथियों की चिंता पहली बार भाजपा सरकार ने की है। साथियों को 60 वर्ष के बाद पेंशन की सुविधा दी गई है। सरकार की दूसरी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ इसी वर्ग को हो रहा है। 2022 भारत की आजादी के 75 साल होंगे, हिंदुस्तान में एक भी गरीब को झुग्गी झोपड़ी में जिंदगी गुजारनी होगी। हर परिवार का अपना पक्का घर होगा। उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन व सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त बिजली का कनेक्शन बिजली को मिला है। मुश्किल फैसले लेने का साहस भाजपा की सरकारों ने करके दिखाया है। लेकिन दिल्ली में कांग्रेस की सरकार ने समस्याओं को उलझाया है। उसने देश को लूटा है, हमने देश पर लुटाया है। इसलिए झारखंड की समस्याओं को सुलझाने का काम भी सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।

03.09 PM : उन्‍होंने कहा कि हमने कोशिश की है कि झारखंड में निवेश पर जोर दिया जाए। इसी का परिणाम है कि स्टील के साथ मैनुफैक्चिरंग के दूसरे उद्योग लगे हैं। रेशम उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। कच्चे रेशम के मामले में झारखंड अग्रणी रहा है। लेकिन पहले की सरकारों ने गंभीर प्रयास नहीं किए। सिंहभूम हो या सिमडेगा हो. झारखंड के हर हिस्से में रेशम की पैदावर होती है। भाजपा की सरकार रेशम उत्पादन का हब बनाने की विजन के साथ आगे बढ़ रही है। इसके लिए करोड़ों रुपये की मदद झारखंड को दी गई है। इसी का परिणाम है कि पहले 2000 मीट्रिक टन से कम उत्पादन होता था। अब 27 हजार टन उत्पादन हो रहा है। इस उद्योग में दो लाख से अधिक रोजगार मिले है। भारत दुनिया का दूसरा बड़ा स्टील उत्पादक बना है तो इसमें जमशेदपुर का बहुत बड़ा योगदान है। बीते पांच वर्ष में हमने भारत के स्टील को सड़क से लेकर सैटेलाइट तक प्राथमिकता दी है।

03.05 PM : पीएम ने कहा कि कांग्रेस व जेएमएम के अवसरवादी गठबंधन को यहां की स्थिरता रास नहीं आती। इसलिए ऐसी व्यवस्था चाहते हैं।स्थायी सरकार का परिणाम है कि रोड, रेल व एयर कनेक्टिविटी का काम तेजी से हो रहा है। रेलवे के लिए 2000 करोड़ आवंटित किए गए हैं। पिछले पांच वर्षों में दस हजार करोड़ से अधिक झारखंड को मिला है। भाजपा शासन के दौरान 700 किलोमीटर रेल लाइन खोली गई। यहां सीएनजी जैसी प्रदूषण रहित आधुनिक व्यवस्था भी झारखंड के अनेक शहरों में विकसित की जा रही है। इसके लिए गैस पाइप लाइन से झारखंड को जोड़ा जा रहा है। पीएम ऊर्जा योजना का बहुत बड़ा लाभार्थी जमशेदपुर है। उज्जवला योजना के तहत लाखों को गैस कनेक्शन मिला है। अब मध्यमवर्ग को पाइपलाइन से गैस कनेक्शन देने का काम हो रहा है। झारखंड के विकास के लिए भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दिल्ली व झारखंड में दोनों जगह जब भाजपा की सरकार होती है तो विकास की रफ्तार और तेज हो जाती है। जब इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होता है तो उद्योग व निवेश के लिए माहौल बनता है। हमने कोशिश की है झारखंड में निवेश पर जोर दिया जाए।

02.59 PM : मोदी ने कहा कि पांच साल पहले क्या स्थिति थी, किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस व झामुमो के राज में भ्रष्टाचार की खबरें आती थी। आज भी भ्रष्टाचार के केस अदालतों में चल रहे हैं। अपने स्‍वार्थ के लिए इन्होंने सीएम की कुर्सी तक का सौदा कर दिया था। पांच वर्ष पहले तक झारखंड राजनीति अस्थिरता के लिए चर्चा में रहता था। सिर्फ 15 साल ने झारखंड में दस बार सीएम को बदलते हुए देखा है। मैं गुजरात में 13 साल अकेला सीएम था। और उसी स्थिरता का परिणाम है कि आज गुजरात कहां से कहां पहुंच गया। मौसम जितनी तेजी से नहीं बदलता था, उतनी तेजी से सीएम बदल दिए जाते थे। इसमें कांग्रेस व जेएमएम के नेताओं का स्वार्थ जिम्मेदार है। भाजपा ने इस पर रोक लगाई और पहली बार पांच वर्ष तक एक ही मुख्यमंत्री पहली बार रहा। इसी स्थिरता का परिणाम है कि प्रभावी काम हो रहा है। इस माहौल को बनाए रखने के लिए झारखंड पुकार रहा है, भाजपा सरकार दोबारा।

02.54 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड भारत के सभी कल्याणकारी योजनाओं की कर्मस्थली बना है। आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत का गौरव झारखंड के खाते में है। एक साल में ही झारखंड के डेढ़ लाख गरीबों को मुफ्त ईलाज मिल चुका है। किसानों को 60 वर्ष के बाद पेंशन योजना झारखंड से लागू हुआ है।2022 तक देश के हर आदिवासी इलाके में मॉडल स्कूल बनाने की शुरुआत यहीं से हुई है। राज्य को देश व दुनिया में नई पहचान दिलाने का श्रेय आप सभी को है।

02.49 PM : मोदी ने कहा कि जमशेदपुर की धरती स्वर्ण की धरती है। लाखों लोगों के सपनों को साकार करने वाली धरती है। दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाली धरती है। एक व्यक्ति कैसे अपने दम पर आगे बढ़ सकता है, उनकी धरती है। मैं जमशेदजी नौसेरवान टाटा को प्रणाम करता हूं। मेरा तो आपसे सीधा नाता है। क्योंकि टाटा परिवार गुजरात से हैं और आज भी नवसारी में उनका घर है। आज टाटा परिवार की यादें गुजरात से जुड़ी हुई है। मैं कई बार जमशेदपुर आया। पीएम बनने के बाद दूसरी बार यहां आया हूं। पिछली बार हमने कहा था कि हमारी दिल्ली में सिमटकर रहने वाली नहीं है।

02.39 PM : प्रधानमंत्री ने भारत माता की जय के नारे के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्‍होंने लोगों का अभिवादन किया। पूरा मैदान मोदी-मोदी के नारों से गूंज रहा है। उन्‍होंने कहा कि उमड़ी भीड़ बताता है कि आपने इसबार भी भाजपा को पूर्ण बहुमत देने का मन बना लिया है।

02: 37 PM : प्रधानमंत्री सभास्‍थल पहुंच गए हैं। अभी मुख्‍यमंत्री रघुवर दास सभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि पाच वर्ष में भाजपा की सरकार ने विकास के अनेक कार्य किए हैं। सरकार ने सभी वर्गों का ध्‍यान रखा और चहुंमुखी विकास किया। जमशेदपुर की सूरत बदलने के लिए कई कार्य किए। जमशेदपुर में उच्‍च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी कई कार्य किए जा रहे हैं। जमशेदपुर में पहला महिला विश्‍वविद्यालय खुलेगा।

02:20 PM : प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी सोनारी एयरपोर्ट से सभा स्‍थल के लिए रवाना हो चुके हैं। वे 2 बजकर 18 मिनट पर एयरपोर्ट से निकले। लिंक रोड में लोगों ने हाथ हिलाकर पीएम काअभिवादन किया।

02:10 PM : जमशेदपुर के गोपाल मैदान में प्रदेश के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सांसद समीर उरांव, जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो एवं कोल्‍हान के भाजपा के सभी प्रत्‍याशी पहुंच गए हैं। मैदान खचाखच भरा है। जमशेदपुर पूर्वी से मुख्‍यमंत्री रघुवर दास प्रत्‍याशी हैं। थोड़ी देर में प्रधानमंत्री पहुंचेंगे।

1:45 PM : पीएम ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो वाले आपका भला नहीं चाहते। मुझे विश्‍वास है कि आप सभी कांग्रेस के झूठ की सारी बातें लोगों तक पहुंचाएं। आप मतदान के दिन भारी संख्‍या में मतदान कर इनके झूठ को बेनकाब कर दें। फिर एक बार कमल पर बटन दबाकर झारखंड के विकास के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा को मौका दें। आप सब यहां पहुंचे, आपका आशीर्वाद मिला, इसके लिए आभार। भारत माता की जय। भारत माता की जय के नारे लगवाए।

1:40 PM : पीएम ने कहा कि पूरे देश में आदिवासी कला संस्‍कृति को संजाने के लिए अनेक संग्रहालय बनाए जा रहे हैं। हम प्रयास कर रहे हैं कि यहां दुनिया भर के लोग पहुंचे। इतने उद्योग लगे कि युवाओं को रोजगार के यहीं अवसर मिले। कांग्रेस और उनके मित्रों से सावधान रहें। उनका इतिहास, उनके कारनामे याद करें, उनकी नजर यहां की प्राकृतिक संपदा पर है। ये लोग सब कुछ लूट लेंगे। इसलिए ये डर और भ्रम का माहौल बना रहे हैं।

1:35 PM : आने वाले पांच साल 19 साल के झारखंड के लिए बड़ा ही महत्‍वपूर्ण है। मौका मत गंवाइए, मैं हमेशा आपके लिए तैयार हूं। बस एक बार साथ दीजिए। हमने रिकॉर्ड बजट का प्रावधान किया। अब यहां से निकलने वाले खनिज का एक हिस्‍सा जनहित के लिए देना पड़ता है। 70 साल की कांग्रेस सरकारों ने इस तरह से विकास करने के बारे में नहीं सोचा, इसकी चिंता भाजपा सरकार ने की। यह हमारी आदिवासी हितों के प्रति प्रतिबद्धता है। जल, जंगल, जमीन पर हम कोई आंच नहीं आने देंगे।

1:30 PM : अटल जी ने अलग झारखंड बनाया था। यह भगवान बिरसा को सच्‍ची श्रद्धांलि थी। यह अटलजी की भाजपा सरकार थी, जिसने आजादी के बाद पहली बार जनजातीय मंत्रालय बनाया। अब झारखंड की उम्र 19 साल हो गई है। यह टीन एज है, इसमें आप सब सजग हो जाएं। यह महत्‍वपूर्ण समय है। घर में जैसे मां-बाप अपने बेटा-बेटी के 19 साल होने पर चिंता करते हैं, वैसे ही आप और मैं दोनों मिलकर इसको इतना सशक्‍त-समृद्ध बना दें कि पीछे मुड़कर हमें देखना न पड़े।

1:25 PM : पीएम मोदी ने महिलाओं से जुड़ते हुए कहा कि आप अब सखी मंडल से स्‍वावलंबी बन रही हैं। आने वाले वर्षों में भाजपा सरकार की कोशिश है कि हर घर से एक महिला देश के विकास में सीधी भागीदार बनेगी। अब घर-घर शौचालय तो बने हैं, आपकी धरती की रानी मिस्‍त्री देश-दुनिया में नाम कमा रही हैं। झारखंड की बहनों को सबसे तेजी से केंद्र की योजनाओं का लाभ मिला। उज्‍जवला योजना में आपको डबल बेनिफिट दिया है। इससे आपकी सेहत सुधर रही है।

1:20 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्‍मू कश्‍मीर से आर्टिकल 370 अब हट चुका है। जिस अयोध्‍या मसले को कांग्रेस ने लगातार लटकाए रखा, वह भी शांतिपूर्ण ढंग से हल हो गया और भगवान राम जब अयोध्‍या से निकले से राजकुमार थे, 14 साल के वनवास के बाद वे मर्यादा पुरुषोत्‍तम राम बन गए। आदिवासियों का संस्‍कार पाकर वे पुरुषोत्‍तम बन गए। राजनीतिक स्‍वार्थ वाले लोगों ने इसमें तरह-तरह के अड़ंगे डाले। ऐसे अनेक वादे जो हमने आपसे किए थे, वे जमीन पर उतर चुके हैं। क्‍योंकि आपको भाजपा पर भरोसा है। इतनी बड़ी तादाद में आप यहां आशीर्वाद देने पहुंचे हैं, यह उसी का सबूत है।

1:15 PM : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब आप सब किसानों के बैंक खाते में हम सीधे पैसा भेज रहे हैं। केंद्र और राज्‍य दोनों सरकारें खुलकर मदद कर रही हैं। आपके पड़ोसी राज्‍यों में झूठे वादे करके कांग्रेस ने सरकारें तो बना लीं, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं कर पा रहे। साथियों झारखंड ये भली-भांति जानता है कि जेएमएम और कांग्रेस छल और स्‍वार्थ की राजनीति करते हैं। भाजपा कर्म की सरकार चलाती है। हम हर वादा पूरा करते हैं। हमने जो पेंशन का वादा किया था, वो भी पूरा कर दिया।

1:10 PM : प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्‍ली ने गांव तक विकास पहुंचाया। रांची की रघुवर सरकार उसे घर-घर लेकर जा रही है। यहां की जनता सहज रूप से नारा बोल रही है झारखंड पुकारा, भाजपा दोबारा। झारखंड के विकास के लिए भाजपा जरूरी है। यहां के हर आदमी को बिना भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सबका साथ सबका विकास और सबका विश्‍वास हमारा मूल मंत्र है।

1:05 PM : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जिस प्रकार लोकतंत्र में आस्‍था दिखी है, जिस तरह भाजपा सरकार ने नक्‍सलवाद की कमर तोड़ी है, उससे डर का माहौल खत्‍म हुआ है। विकास का माहौल बना है। 30 नवंबर को पहले चरण के चुनाव में नकारात्‍मक लोगों ने माहौल खराब करने की पूरी कोशिश की। लेकिन आपका जज्‍बा काबिले तारीफ है। पहले चरण में कमल के प्रति, भाजपा सरकार के प्रति एक विश्‍वास की भावना प्रदर्शित की।

1:00 PM : पीएम ने कहा कि साथियों आपने भाजपा के प्रति प्रेम में कभी कमी नहीं होने दिया। प्रधानमंत्री के तौर पर, गुजरात के मुख्‍यमंत्री के तौर पर और उससे पहले संगठन में काम करते हुए मैं बार-बार झारखंड खींचा चला आता था। प्रधानमंत्री बनने के बाद खूंटी में मेरा दूसरा दौरा है।

12:55 PM : पीएम मोदी ने कहा कि जिस धरती पर भगवान बिरसा जैसा नेतृत्‍व हो वहां कमल कभी मुरझा नहीं सकता है। इस धरती पर आकर मैं फिर से एक बार भगवान बिरसा का नमन करता हूं। यहां आए टाना भगत के परिवार मुझे आशीर्वाद देने पहुंचे हैं। महात्‍मा गांधी के ये अनुयायी आज भी उनके संकल्‍पों को जीता है, मैं उनका नमन करता हूं। इस धरती से जिस प्रकार का स्‍नेह मिल रहा है, यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्‍य है। तीन दिसंबर को परमवीर चक्र अलबर्ट एक्‍का को नमन करता हूं।

12:50 PM : पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के फायदे ही फायदे हैं। केंद्र की मोदी सरकार और राज्‍य की रघुवर सरकार ने मिलकर झारखंड को आगे बढ़ाया। झारखंड निर्माण के लिए अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्‍प को याद करते हुए कहा कि देश स्‍वाभिमान के साथ तभी आगे बढ़ेगा, जब झारखंड की जनता विकास और आगे बढ़ने के लिए भाजपा की सरकार चुनेगी। भाजपा के सभी प्रत्‍याशियों को आप सब मिलकर जिताएं। मैं प्रधानमंत्री को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि झारखंड की जनता राष्‍ट्रप्रेमी है, इस क्षेत्र में हर हाल में कमल खिलेगा। जिस तरह खूंटी से मुझे सांंसद बनाया, उसी तरह डबल इंजन की सरकार बनाने में अपनी भूमिका तय करें। भारत माता की जय के नारे के साथ अर्जुन मुंडा का संबोधन समाप्‍त हुआ।

12:40 PM : प्रधानमंत्री की सभा में पूर्व मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि हम एक बार फिर झारखंड में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे। उन्‍होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जिस तरह आपने भाजपा का साथ दिया, फिर एक बार भाजपा को उसी तरह से झारखंड में स्‍थापित करें। सीएम रघुवर दास के सरकार की पांच साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमने हर हाथ को काम दिया। किसानों को सिंचाई, बीज सबकी चिंता हमने की है। एक बार फिर आह्वान करता हूं कि बिरसा की पवित्र धरती की सेवा करने का एक बार फिर भाजपा को मौका दें।

12:20 PM : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आते ही खूंटी के स्‍टेडियम में मोदी-मोदी के नारे लगने शुरू हो गए। भाजपा कार्यकर्ता यहां पूरे जोश में नजर आ रहे हैं। पीएम को सुनने के लिए बड़ी संख्‍या में महिलाएं पहुंची हैं। मैदान में हर तरफ कड़ी सुरक्षा की व्‍यवस्‍था की गई है। पीएम के साथ यहां सीएम रघुवर दास, पूर्व मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत भाजपा के कई नेता मौजूद हैं।

12:00 PM : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खूंटी पहुंच गए हैं। पीएम के पहुंचते ही यहां मोदी-मोदी के नारे से पूरा स्‍टेडियम गूंज उठा। सभा में मौजूद लोग पीएम की एक झलक पाने को बेताब दिख रहे हैं। पीएम ने सभा में मौजूद सभी लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। आगे की ओर बैठी महिलाओं को पीएम ने हाथ जोड़कर उनका आभार जताया।

11:40 AM : झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने पीएम मोदी के आगमन पर ट्विटर पर संदेश लिखा- धरती आबा भगवान बिरसा की पावन धरती झारखंड पर भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक अभिनंदन। झारखंड के विकास को नई गति देने के लिए झारखंड से भ्रष्टाचार और वंशवाद के खात्मे के लिए सवा तीन करोड़ जनता की ओर से आपका कोटि-कोटि धन्यवाद।

झारखण्ड के विकास को नई गति देने के लिए

झारखण्ड से भ्रष्टाचार और वंशवाद के खात्मे के लिए

सवा तीन करोड़ जनता की ओर से आपका कोटि-कोटि धन्यवाद।

11:30 AM : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर यहां बिरसा कॉलेज के फुटबॉल स्‍टेडियम में मेले सरीखा माहौल हो गया है। हर तरफ से भीड़ यहां पहुंच रही है। जगह-जगह लोगों का जमघट लगा है। पीएम मोदी खूंटी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्‍मीदवार कालीचरण मुंडा के समर्थन में मतदाताओं से वोट देने का आह्वान करेंगे। मंच पर पीएम के साथ दूसरे चरण की कई सीटों के भाजपा प्रत्‍याशियों को बैठने का मौका दिया गया है।

11:20 AM : रैली में परंपरागत ड्रेस में पहुंचे आदिवासी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में बड़ी संख्‍या में आदिवासी समाज के लोग पहुंचे हैं। परंपरागत ड्रेस में पहुंचे आदिवासी अपने साथ वाद्य यंत्र लेकर, सज-संवरकर अपने पीएम को सुनने पहुंचे हैं। मंच से प्रधानमंत्री के आगमन की सूचना दी जा रही है। यहां सभास्‍थल लोगों से भरा पड़ा है। कई लोग सभा स्‍थल के किनारे खड़े होकर पीएम का इंतजार कर रहे हैं। उत्‍साही भाजपा कार्यकर्ताओं की फौज पूरे रौ में मोदी-मोदी के नारे लगा रही है।

11:00 AM : सभा में कोई भी सामग्री ले जाने पर रोक : खूंटी के बिरसा कॉलेज स्थित फुटबॉल स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी जनसभा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभा स्थल में गहन सुरक्षा जांच के बाद सुबह नौ बजे से ही लोग प्रवेश कर रहे हैं। सभा स्थल में प्रवेश करने वाले लोगों को मोबाइल छोड़कर अन्य किसी प्रकार की वस्तु ले जाने पर रोक लगी है। लोग काले कपड़े पहनकर सभा में न आएं, इस पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल के सहयोग के लिए 100 भाजपा कार्यकर्ता भी मुस्‍तैद हैं।

10:40 AM : पांच चरणों में हो रहे झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रचार में भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को खूंटी व जमशेदपुर में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा करेंगे। प्रधानमंत्री की 11.50 पर खूंटी और 12.30 बजे जमशेदपुर में जनसभा प्रस्तावित हैं। जमशेदपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्‍यमंत्री रघुवर दास के समर्थन में रैली करेंगे।

10:20 AM : जमशेदपुर पूर्वी सीट से सीएम रघुवर दास के खिलाफ भाजपा के बागी सरयू राय चुनाव मैदान में हैं। जिन्‍होंने भ्रष्‍टाचार का आरोप लगाते हुए कहा था कि मोदी डिटर्जेंट और शाह लाउंड्री भी रघुवर दाग को नहीं धो सकता। माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी से बगावत करने वाले सरयू राय को पीएम मोदी की ओर से इस रैली में कुछ जवाब मिलेगा।

10:00 AM : पीएम की जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री का यह दूसरा दौरा है। इससे पूर्व पहले चरण के चुनाव के लिए उन्होंने 25 नवंबर को पलामू और गुमला में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा की थी।

9:00 AM : प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी पूरी : बिरसा कॉलेज स्थित फुटबॉल स्टेडियम में होने वाली प्रधानमंत्री की चुनावी सभा की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभा स्थल की सुरक्षा की कमान एसपीजी ने संभाली हुई है। हेलीपैड व सभा स्थल पर बैरीकेडिंग की गई है। खोजी कुत्तों का दल भी मैदान के समीप लगाया गया है। सभास्‍थल के निकट हेलीपैड के पीछे बने बिरसा कॉलेज के छात्रावास को सुरक्षा एहतियात बरतते हुए सुबह में ही खाली करा लिया गया है।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top