हिमाचल प्रदेश चुनाव : आज राज्य की 68 विधानसभा सीटों पर होगा मतदान

himanchal.jpg

हिमाचल (Himachal) प्रदेश विधानसभा चुनाव (Election) के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। एक चरण में 68 सीटों पर हो रहे चुनाव में इस बार 412 प्रत्याशी मैदान में हैं।चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।

इस पर्वतीय राज्य में 55 लाख से अधिक मतदाता 68 निर्वाचन क्षेत्रों में 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव मैदान में मौजूद प्रमुख चेहरों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह और पूर्व बीजेपी प्रमुख सतपाल सिंह सत्ती शामिल हैं। चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच है।

हिमाचल में बने 7,881 मतदान केंद्र

निर्वाचन आयोग के अनुसार कल होने वाले मतदान के लिए कुल 7,881 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 1,625 मतदान केंद्र हैं, जबकि लाहौल-स्पीति जिले में सबसे कम 92 मतदान केंद्र हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 7,235 और शहरी क्षेत्रों में 646 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा सिद्धबाड़ी (धर्मशाला), बड़ा भंगाल (बैजनाथ) और ढिल्लों (कसौली) में भी तीन सहायक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

इस बीच, हिमाचल प्रदेश में निष्पक्ष विधानसभा चुनाव कराने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 67 कंपनियों, जिनमें 6,700 कर्मी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 15 कंपनियो को लगाया गया है। इसके अलावा 50,000 सरकारी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया है। राज्य भर में 25,000 पुलिस अधिकारी भी तैनात हैं। बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों में से बीजेपी को 44 और कांग्रेस को महज 21 सीटों पर जीत मिली थी।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top