2019 में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च की गई यह फिल्में

top-10-highest-grossing-bollywood-movies-of-2019.jpg

नई दिल्ली: गूगल इंडिया ने बुधवार को 2019 में सबसे ज्यादा सर्च की गई फिल्मों की लिस्ट जारी की। टॉप 10 की इस सूची में 7 बॉलीवुड और 3 हॉलीवुड फिल्में शामिल हैं।

1. कबीर सिंह

शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी स्टारर ‘कबीर सिंह’ इस सूची के पहले पायदान पर मौजूद है। यह तेलुगु सिनेमा की चर्चित फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ की रीमेक है। दोनों ही फिल्मों का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा ने किया। यह घरेलू बॉक्स ऑफिस इस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी है। 21 जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने करीब 278 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।

2. एवेंजर्स- एंडगेम

हॉलीवुड की यह फिल्म 26 अप्रैल को भारत में रिलीज हुई थी। मार्वल स्टूडियोज की इस सुपरहीरो फिल्म को एंथोनी रस्सो और उनके भाई जो रस्सो ने डायरेक्ट किया था। फिल्म ने भारत में करीब 373 करोड़ रुपए की कमाई की थी।

3. जोकर

टॉड फिलिप्स के निर्देशन में बनी हॉलीवुड की यह साइकोलोजिकल फिल्म 2 अक्टूबर को भारत में रिलीज हुई। फिल्म की कहानी डीसी कॉमिक्स के किरदारों पर बेस्ड है। जोकिन फीनिक्स ने फिल्म में लीड रोल निभाया। भारत में इस फिल्म ने करीब 67.95 करोड़ रुपए कमाए थे।

4. कैप्टेन मार्वल

मार्वल स्टूडियोज की यह हॉलीवुड सुपरहीरो फिल्म 8 मार्च को भारत में रिलीज हुई थी। एना बोडेन और रियान फ्लेक के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने इंडिया में करीब 84.36 करोड़ रुपए की कमाई की।

5. सुपर 30

फिल्म की कहानी बिहार के मैथमेटिशियन आनंद कुमार की जिंदगी पर आधारित है। 12 जुलाई को रिलीज हुई इस फिल्म में ऋतिक रोशन ने लीड रोल किया। विकास बहल के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 146.94 करोड़ रुपए का कारोबार किया था।

6. मिशन मंगल

यह फिल्म भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के वैज्ञानिकों की जिंदगी पर आधारित है, जिन्होंने भारत के पहले इंटरप्लैनेटरी एक्सपीडिशन मार्स ऑर्बिटर मिशन को सफल बनाने में अहम योगदान निभाया था। जगन शक्ति के निर्देशन में बनी इस फिल्म अक्षय कुमार, सोनाक्षी सिन्हा, विद्या बालन, तापसी पन्नू, नित्या मेनन, कीर्ति कुलहरी और शरमन जोशी ने अहम भूमिका निभाई। 15 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 202.98 करोड़ रुपए की कमाई की थी।

7. गली ब्वॉय

जोया अख्तर के निर्देशन में इस फिल्म का निर्माण हुआ। इसकी कहानी धारावी की तंग गलियों से निकलकर रैपर बनने के सपने को साकार कर चुके रैप आर्टिस्ट्स नैजी और डिवाइन की जिंदगी से प्रेरित है। फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की अहम भूमिका है। बॉक्स ऑफिस पर करीब 140.25 करोड़ रुपए की कमाई करने वाली यह फिल्म बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म की कैटेगरी में 92वें एकेडमी (ऑस्कर) अवॉर्ड के लिए भेजी गई है। फिल्म 14 फरवरी को रिलीज हुई थी।

8. वॉर

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह एक्शन थ्रिलर फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ ने पहली बार साथ काम किया। बॉक्स ऑफिस पर करीब 317.91 करोड़ रुपए के कलेक्शन के साथ यह इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।

9. हाउसफुल 4

अक्षय कुमार, बॉबी देओल, रितेश देशमुख, कृति सेनन, कृति खरबंदा और पूजा हेगड़े स्टारर यह कॉमेडी फिल्म 25 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 194.59 रुपए का कलेक्शन किया था। फिल्म का निर्देशन फरहाद सामजी ने किया है।

10. उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक

फिल्म की कहानी सितंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के उरी स्थित सेना के कैम्प पर हुए आतंकी हमले (जिसमें 19 जवान शहीद हुए थे) और भारतीय सेना द्वारा एलओसी पार कर पीओके में तीन किलोमीटर अंदर तक जाकर आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई पर आधारित है। आदित्य धर ने इस फिल्म से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। फिल्म में विक्की कौशल ने लीड रोल निभाया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 245.36 करोड़ की कमाई की थी।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top