नागरिकता कानून: जामिया से लेकर AMU तक विरोध प्रदर्शन

Getting-Ready-for-a-Night-Out-6.jpg

नई दिल्ली : नागरिकता कानून पर असम और पश्चिम बंगाल के बाद दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया और यूपी के अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में रविवार को हिंसक प्रदर्शन हुए। दिल्ली में  प्रदर्शनकारियों ने 3 बसों और कुछ अन्य गाड़ियों में आग लगा दी वहीं, AMU में छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया। हिंसा के बाद AMU 5 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। जामिया में पूरे 14 घंटे तक चले बवाल के बीज आज स्थिति काबू में है।

दोपहर 3 बजे के करीब
रविवार को दोपहर 3 बजे के करीब अचानक जामिया और उसके आसपास के इलाके में हिंसा भड़क उठी। प्रदर्शनकारियों ने कई बसों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े ।

शाम 5 बजे के करीब, बसों में आग
न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार दोपहर 3 बजे के करीब प्रदर्शनकारियों ने जमकर तांडव मचाया था। प्रदर्शनकारियों ने डीटीसी की 3 बसों और दमकल की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। कई दूसरे वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। छात्रों का दावा है कि उनके प्रदर्शन में कुछ स्थानीय लोग शामिल हो गए और उन्होंने ही हिंसा फैलाई।

जामिया प्रशासन का आरोप, कैंपस में जबरन घुसी पुलिस
हिंसा के बाद पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। इस बीच जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी के चीफ प्रॉक्टर वसीम अहमद खान ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। खान ने कहा कि पुलिस जबरन कैंपस में घुस गई, उसे इसकी इजाजत नहीं दी गई थी। उन्होंने साथ में यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों और छात्रों को पीटा और उन्हें कैंपस से बाहर निकाल दिया

पुलिस हेडक्वॉर्टर के बाहर छात्रों का प्रदर्शन
कैंपस में पुलिस के घुसने के विरोध में जामिया के छात्र आईटीओ स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी और दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र भी शामिल थे। छात्रों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। जब पुलिस ने हिरासत में लिए गए जामिया के छात्रों को रिहा किया, तब जाकर छात्रों ने पुलिस मुख्यालय का घेराव बंद किया।

जामिया के आसपास के इलाकों के सभी स्कूल आज रहेंगे बंद
दिल्ली सरकार ने साउथ ईस्ट दिल्ली जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को आज बंद रखने का आदेश दिया है। दिल्ली के डेप्युटी सीएम और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘दिल्ली में साउथ ईस्ट जिले में ओखला, जामिया, न्यू फ्रैंड्स कालोनी, मदनपुर खादर क्षेत्र के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल कल (सोमवार) बंद रहेंगे। वर्तमान हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।’

AMU में भी पुलिस पर पथराव
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ रविवार शाम अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के आसपास के इलाकों में छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुईं। शुरुआती इनपुट्स के अनुसार, एएमयू में छात्रों ने विवि परिसर की एक इमारत के पास प्रदर्शन शुरू किए थे, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। इस पथराव में अलीगढ़ के डीआईजी समेत कुछ अन्य लोगों के घायल हो गए। सूत्रों के मुताबिक, अलीगढ़ मुस्लिम विवि में रविवार शाम छात्रों ने परिसर में बने एडमिशन ब्लॉक के पास प्रदर्शन शुरू किए थे। इस दौरान जब मौके पर पुलिस के अधिकारी फोर्स के साथ पहुंचे तो प्रदर्शनकारी छात्रों ने इनपर पथराव शुरू किया। इस दौरान प्रशासन के कई अधिकारियों को मौके पर भेजा गया, जिसके बाद अधिकारियों ने छात्रों से वापस हॉस्टल में जाने की अपील की। हिंसा को देखते हुए यूनिवर्सिटी को 5 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। दूसरी तरफ, अलीगढ़ में आज सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top