कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बुधवार को अपने नए मंत्रिमंडल के सदस्यों की घोषणा की है। ट्रूडो ने अपने मंत्रिमंडल में भारतीय मूल की अनीता इंदिरा आनंद को भी शामिल किया गया है। यह पहली बार है, जब कनाडा सरकार में किसी हिंदू को मंत्री बनाया गया है। कनाडा सरकार में मंत्री बनने वाली पहली हिंदू अनीता आनंद को ‘पब्लिक सर्विस एंड प्रोक्योरमेंट’ विभाग दिया गया है। अनीता अक्तूबर में हुए आम चुनावों में ओंटारियों राज्य की ओकविले सीट से जीत दर्ज कर पहली बार हाउस ऑफ कॉमंस पहुंची। इसी के साथ वह कनाडाई संसद के लिए निर्वाचित पहली हिंदू महिला बन गईं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, टोरंटो यूनिवर्सिटी में कानून की प्रोफेसर अनीता का जन्म नोवा स्कोटिया प्रांत के केंटविले शहर में हुआ था। उनके माता-पिता, दोनों ही पेशे से चिकित्सक व भारतीय हैं। उनकी दिवंगत मां सरोज राम पंजाब के अमृतसर क्षेत्र से थीं और उनके पिता एसवी आनंद तमिल हैं। अनीता चार बच्चों की मां हैं। वह ओकविले क्षेत्र में इंडो-कैनेडियन समुदाय से भी निकटता से जुड़ी हैं। राजनीति में आने से पहले वह कनाडाई म्यूजियम ऑफ हिंदू सिविलाइजेशन की अध्यक्ष भी रही है। उन्होंने एयर इंडिया फ्लाइट 182 के आतंकवादी बम विस्फोट की जांच के लिए जांच आयोग में शोध भी किया।
ट्रुडो की मंत्रिमंडल में भारतीय मूल के चार मंत्री:
जस्टिन ट्रूडो ने अपने मंत्रिमंडल में अनीता आनंद समेत सात नए चेहरों को शामिल किया है। ट्रूडो ने इस बार अपने मंत्रिमंडल में 36 सदस्यों को रखा हैं, जिनमें से चार भारतीय मूल के हैं। अनीता के अलावा तीन भारतीय मूल के सिख नवदीप सिंह बैंस, बारदिश छागर और हरजीत सिंह सज्जन शामिल हैं। वर्ष 2015 में पहली बार सत्ता आने पर ट्रूडो ने अपने मंत्रिमंडल में आधे से ज्यादा संख्या महिलाओं की रखी थी। इस पर बार उनकी सरकार में महिलाओं की संख्या करीब-करीब आधी है।