नई दिल्ली: अभी मार्च का महीना चल रहा है। लेकिन दिल्ली की गर्मी ने अभी से लोगों का जीवन कठिन कर दिया है। कड़ाके की धूप और गर्म हवाओं ने दिल्ली वासियों को इरीटेट करना शुरू कर दिया है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगर मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की मानें तो अब तापमान में लगातार इजाफा देखने को मिलेगा। निजी मौसम एजेंसियों के अनुसार, दिल्ली में मार्च के आखिरी सप्ताह में पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है।
दिल्ली में गर्मी बना सकती है रिकॉर्ड
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक एम. महापात्रा के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में इस साल दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मार्च के महीने में ही गर्मी 77 सालों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। इसके साथ गर्मी का नया ऑल टाइम रिकॉर्ड भी बना सकती है।
मार्च में अभी का ऑल टाइम रिकॉर्ड 31 मार्च 1945 के नाम है, जब अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इस साल 18 मार्च तक ही अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने पूरे महीने आसमान साफ रहने की भविष्यवाणी की है। उनका कहना है कि अभी बारिश के आसार न के बराबर हैं।