नई दिल्ली : गर्मियों की आहट इस बार करीब पंद्रह दिन पहले ही शुरू हो गई है। तापमान 28 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। आमतौर पर फरवरी के अंतिम हफ्ते में ही मौसम में इस तरह के बदलाव होते हैं। इस बदलाव की वजह से फरवरी में पहाड़ों पर सक्रिय हो रहे कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हैं। इसी वजह से फरवरी में अब तक बारिश नहीं हुई है, लेकिन अब 21 फरवरी को राजधानी और एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को गर्मी और बढ़ सकती है। चल रही ठंडी हवाओं की रफ्तार कम होगी, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रह सकता है। 19 और 20 फरवरी को एक बार फिर हवाएं चलेंगी और 21 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी। बारिश के बाद 22 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रह सकता है। इस बीच अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री के आसपास बना रहेगा।