दिल्ली में लंबे इंतजार के बाद बरसे बादल

IMG_20220717_105311.jpg

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली को करीब एक पखवाड़े बाद शनिवार के दिन मॉनसूनी बादलों ने जमकर भिगोया। ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके चलते अधिकतम तापमान में भी लगभग दो डिग्री की गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार सुबह से ही धूप रही जो दिन चढ़ने के साथ और तेज हो गई।

सुबह दस-ग्यारह बजे के लगभग मौसम में खासी उमस और गर्मी बनी हुई थी। लेकिन, ग्यारह बजे के बाद से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में घने काले बादल छा गए और विभिन्न इलाकों को अच्छी बारिश हुई। इसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। लेकिन, अगर इसकी तुलना शुक्रवार के तापमान से करें तो कल की तुलना में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 100 से 68 फीसदी तक रहा।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top