नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली (Delhi) में इस साल फरवरी में ही गर्मी ने कहर बरपाया है। इस साल फरवरी के महीने में दर्ज गर्मी ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। आलम यह रहा है कि 120 सालों में दूसरी बार फरवरी का महीना सबसे गर्म दर्ज किया गया है। इससे पहले वर्ष 2006 में फरवरी का महीना 1901 के बाद सबसे गर्म रहा था।
दिल्ली (Delhi) प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक फरवरी के आखिरी दिन यानी रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री रहा है। केंद्र के प्रमुख डॉ कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक इसके साथ ही इस साल फरवरी महीने का अधिकतम औसतम तापमान 27.9 डिग्री दर्ज किया गया है।
इससे पहले वर्ष 1960 में भी फरवरी महीने का औसत तापमान 27.9 डिग्री दर्ज रहा था। जबकि वर्ष 2001 के बाद वर्ष 2006 में फरवरी का महीना सबसे गर्म रहा था। उस साल फरवरी महीने का औसत तापमान सबसे अधिक 29.7 डिग्री रहा था। जो वर्ष 1901 के बाद से फरवरी महीने का सबसे अधिक तापमान था।
फरवरी के 28 दिनों में से 24 दिन सामान्य से अधिक रहा तापमान
इस साल फरवरी के महीने में रिकॉर्ड गर्मी दर्ज की गई हैं। आलम यह रहा है कि फरवरी के महीने से इस बार अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो वर्ष 2006 के बाद सबसे अधिक रहा है। वहीं पूरी फरवरी महीने के 28 दिनों में से 24 दिन अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा किया गया है। जो सामान्य से 8 डि्ग्री तक अधिक दर्ज किया गया है।