श्रीलंका में हालात बेकाबू हो गए हैं। गोटाबाया राजपक्षे के देश छोड़ने की खबर लगते ही जनता सड़क पर उतर गई है। कोलंबो में प्रधानमंत्री के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में सैन्य कर्मियों की तैनाती की गई है। मौके पर पहुंचे प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। देश में इमरजेंसी लगा दी गई है।
#WATCH | Sri Lanka: Amid the deepening of the crisis in the country, protestors head towards the Sri Lankan PM’s office as protest flares again on the roads of Colombo pic.twitter.com/x1MLbub2Ls
— ANI (@ANI) July 13, 2022
कोलंबो में प्रदर्शनकारियों के श्रीलंका प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर बढ़ता देख सुरक्षाकर्मियों ने उनपर आंसू गैस के गोले दागे। इस बीच श्रीलंका में विदेश मंत्रालय के पूर्व सलाहकार हरीम पीरिस ने कहा, ”हमें उम्मीद है कि निहत्थे प्रदर्शनकारियों के ऊपर हथियार नहीं उठाएंगे क्योंकि अगर ऐसा हुआ तो वह क़ानून का घोर उल्लंघन होगा।”
आधी रात मालदीव पहुंचे गोटाबाया राजपक्षे
बता दें, देश की जनता को भूखा छोड़ श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया (Gotabaya) राजपक्षे (Rajapaksa) देश छोड़कर फरार हो गए हैं। उनके मालदीव (Maldives) पहुंचने की खबर है। आज उनके इस्तीफे का औपचारिक ऐलान होना है। इस्तीफे का औपचारिक ऐलान करने से पहले श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे देश छोड़कर मालदीव भाग गए।
जानकारी के मुताबिक गोटाबाया एयरफोर्स के विमान से अपनी पत्नी और दो बॉडी गार्ड के साथ मालदीव के लिए रवाना हुए। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक मालदीव के स्थानीय समय के अनुसार आधी रात 3 बजे गोटाबाया राजपक्षे का सैनिक विमान मालदीव की राजधानी माले में लैंड हो गया।