हेमंत के साथ झामुमो-कांग्रेस मंत्री लेंगे शपथ, विश्वासमत के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार

Jharkhand-News.jpeg
  • मंत्री पद की दौड़ में झामुमो से स्टीफन मरांडी और कांग्रेस से आलमगीर आलम का नाम चर्चा में

  • हेमंत सोरेन 29 दिसंबर को दोपहर 2 बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगे

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद हेमंत सोरेन 29 दिसंबर को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, उनके साथ झामुमो और सहयोगी दल कांग्रेस के एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं। बाकी मंत्रिमंडल का विस्तार विश्वासमत के बाद होगा। जिन दो मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है, उनमें झामुमो से स्टीफन मरांडी और कांग्रेस से आलमगीर आलम के नाम शामिल हैं। हालांकि, अभी इसका आधिकारिक ऐलान बाकी है।

प्रोटोकॉल के तहत मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी ने गुरुवार को गठबंधन दल के नेता हेमंत सोरेन से मिल कर उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया। शपथ ग्रहण समारोह 29 दिसंबर को दोपहर 2 बजे मोरहाबादी मैदान में होगा। इसके बाद कैबिनेट की बैठक होगी। जानकारी के मुताबिक, विश्वासमत के लिए विधानसभा का विशेष सत्र नए भवन में ही बुलाए जाने पर सहमति बनी है। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

झामुमों के पास हो सकते हैं 5 मंत्री पद

सरकार बनाने का जाे फार्मूला बताया जा रहा है उसके अनुसार इस सरकार में फिलहाल कांग्रेस, झामुमाे और राजद के लिए ही जगह बनती दिख रही है। इसमें मुख्यमंत्री और राजद काे छाेड़कर 10 मंत्री पद बचते हैं। इनमें से कांग्रेस काे 4 और एक स्पीकर का पद देने और झामुमाे के पास 5 मंत्री पद रखने की बात कही जा रही है। यह बात भी सामने आ रही है कि कांग्रेस स्पीकर पद के बदले मंत्री पद ही रखना चाहता है। हालांकि, इसके पहले इस बात पर चर्चा हुई कि गठबंधन के जिस पार्टी के जितने विधायक हैं, उसके अनुरूप ही मंत्री पद मिले। इस आधार पर कांग्रेस को अधिकतम 4 मंत्री पद ही मिल रहे थे। हेमंत साेरेन की दिल्ली यात्रा के दाैरान काफी कुछ तय हाे चुका है लेकिन उसका खुलासा नहीं किया गया है।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top