युक्रेन की राजधानी कीव के कई इलाकों पर रूसी सेना का कब्जा

IMG_20220226_171810.jpg

रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद यूक्रेन में हालात बुरे हो गए हैं। आम नागरिक जान बचाने के लिए एक शहर से दूसरे शहर की ओर भाग रहे हैं। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस ने वीटो का इस्तेमाल कर अपने खिलाफ आए निंदा प्रस्ताव को गिरा दिया है। इस निंदा प्रस्ताव के समर्थन में 11 और विरोध में एक वोट पड़ा है। भारत, चीन और यूएई ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की निंदा प्रस्ताव बैठक में रूस के हमले की कड़ी निंदा की गई है।

अमेरिका सहित जापान, ऑस्ट्रेलिया, ताइवान और अन्य देशों ने रूस पर नए और कड़े प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। यूरोपीय यूनियन ने पुतिन और लावरोव की संपत्तियां फ्रीज करने के निर्णय पर भी सहमति जताई है। उधर, यूक्रेन के बातचीत के प्रस्ताव पर रूस ने कहा है कि वह बातचीत को तैयार है, लेकिन यूक्रेन पहले हथियार डाले। इसी बीच भारत की चिंता यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने की है। इसकी कोशिशें लगातार हो रही है। यूक्रेन में भारत के राजदूत पार्थ सत्पथी ने शुक्रवार को इस देश में फंसे भारतीय छात्रों को आश्वासन देते हुए कहा कि भारत सरकार इस देश से सभी भारतीय नागरिकों को बाहर निकालेगी। विमानों को सेवा में लगाया गया है।

रूस ने यूक्रेन पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया

रूस की सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने शनिवार को कहा कि सेना ने लंबी दूरी की कलिब्र क्रूज मिसाइलों से कई यूक्रेनी सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को रूस के हमले की शुरुआत के बाद से सेना ने यूक्रेन के 821 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिसमें 14 हवाई अड्डे और 19 सैन्य कमान केंद्र भी शामिल हैं। इसके साथ ही 24 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली, 48 रडार, सात युद्धक विमान, सात हेलीकॉप्टर, नौ ड्रोन, 87 टैंक और आठ सैन्य जहाजों को नष्ट कर दिया है।

कोनाशेनकोव ने यह नहीं बताया कि यूक्रेन के कितने सैनिक मारे गए और रूसी पक्ष में किसी के हताहत होने का भी उल्लेख नहीं किया। यूक्रेन ने भी दावा किया है कि उसकी सेना ने हजारों रूसी सैनिकों को मार डाला है। दोनों देशों में से किसी के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। कोनाशेनकोव ने दावा किया कि रूसी सेना ने अजोव सागर तट से लगभग 35 किलोमीटर दूर दक्षिणी शहर मेलितोपोल पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है और कहा कि रूस समर्थित अलगाववादियों ने डोनबास के पूर्वी क्षेत्र में महत्वपूर्ण बढ़त बना ली है।

एयर इंडिया का विमान 250 भारतीयों को लेकर बुखारेस्ट से रवाना 

एअर इंडिया का एक विमान रूस के आक्रमण के चलते यूक्रेन में फंसे तकरीबन 250 भारतीयों को लेकर शनिवार दोपहर को बुखारेस्ट से मुंबई के लिए रवाना हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लाने के लिए यह एयर इंडिया की पहली निकासी उड़ान है। अधिकारियों ने बताया कि एयरलाइन की दूसरी निकासी उड़ान सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर दिल्ली से रवाना हुई और उसके भारतीय समयानुसार शाम करीब साढ़े छह बजे बुखारेस्ट पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जो भी भारतीय नागरिक सड़क मार्ग से यूक्रेन-रोमानिया सीमा पर पहुंचे थे, उन्हें भारत सरकार के अधिकारी बुखारेस्ट ले गए ताकि उन्हें एअर इंडिया की उड़ान के जरिए स्वदेश लाया जा सके।

उन्होंने बताया कि पहली निकास उड़ान एआई1944 भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजकर 55 मिनट पर बुखारेस्ट से रवाना हुई और उसके रात करीब नौ बजे तक मुंबई हवाईअड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि दूसरी निकासी उड़ान एआई1942 के 250 और भारतीय नागरिकों को लेकर रविवार तड़के दिल्ली लौटने की उम्मीद है। एअर इंडिया यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए बुखारेस्ट और हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के लिए शनिवार को और उड़ानें संचालित करेगी।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top