रूस दो लाख से ज्यादा कोरोना मरीजों वाला पांचवां देश, अब तक करीब दो हजार मौतें

Corona-in-Russia.png

Corona Virus: वैश्विक महामारी बन चुके कोरोनो वायरस का प्रकोप लगातार जारी है। हाल यह है कि शुरुआत में संक्रमितों के मामले में काफी पीछे रहा देश रूस भी अब इसके कहर से बेहाल हो रहा है। अब यहां रोजाना हजारों मामले आ रहे हैं। शनिवार को भी 11,012 नए मामले आने से अब संक्रमितों की संख्या दो लाख पार कर 2,09,668 हो गई है जबकि 1915 लोगों की इसके कारण मौत हुई है। अब तक 34,306 लोग इलाज के बाद ठीक भी हो चुके हैं। अब दो लाख से ज्यादा संक्रमितों वाले देशों में रूस पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। दुनिया में 41 लाख से ज्यादा 41,52,778 मामले सामने आए हैं।

जोहानिसबर्ग: अफ्रीका में अब तक संक्रमण के 63,458 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 2,267 मरीजों की मौत हुई है। अफ्रीका रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, महाद्वीप के सभी 54 देश में कोरोना के मरीज सामने आए हैं। दक्षिण अफ्रीका में सबसे अधिक 9,420 मामले सामने आए हैं। जांच क्षमता की कमी इन देशों के लिए चुनौती है। माना जा रहा है कि मरीजों की संख्या अधिक हो सकती है। कुछ देशों ने खतरे के बावजूद लॉकडाउन में ढील देनी शुरू कर दी है। इनका तर्क है कि लोगों को परिवार पालने के लिए के नियमों में ढील दी जानी चाहिए।

कैनबरा: ऑस्ट्रेलिया के आठ में से छह प्रांतों और क्षेत्रों में कोरोना वायरस के संक्रमण का नया मामला नहीं आया है और ये प्रांत कोरोना मुक्त हैं। स्वास्थ्य मंत्री ग्रेग हंट ने यह जानकारी दी। उन्होंने रविवार को बताया कि ऑस्ट्रेलिया में कल रात विक्टोरिया प्रांत में 10 और न्यू साउथ वेल्स में कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए जबकि वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया, साउथ ऑस्ट्रेलिया, क्वींसलैंड, तस्मानिया, ऑस्ट्रेलियन कैपिटल टेरिटरी और नॉदर्न टेरिटरी में कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि महामारी की रोकथाम में सफलता के लिए यहां के लोग बधाई के पात्र हैं, लेकिन यात्रा पर गए लोगों की वापसी के बाद ऐसी संभावना भी नहीं है कि नए मामले सामने नहीं आएंगे।

अमेरिका: अमेरिका में कोरोना से अब तक 80 हजार से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई ही। आंकड़ों के मुताबिक यहां अब तक 80,351 लोगों की मौत हुई है और संक्रमितों की संख्या 13,53,534 हो गई है। न्यूयॉर्क में सबसे ज्यादा 3,43,409 मामले आए हैं जबकि 26,771 मरीजों की मौत हुई है। न्यू जर्सी में 1,38,579 संक्रमितों में से 9,255 लोगों को जान गंवानी पड़ी। मैसाचुसेट्स, इलिनोइस, कैलिफोर्निया और पेंसिल्वेनिया में मरीजों की संख्या 50 हजार से ज्यादा है। ब्राजील में 730 और लोगों की मौत से मृतक संख्या 10,739 हो गई है जबकि संक्रमितों की संख्या 1,56,862 हो गई है। 61,685 मरीज ठीक हुए हैं, जो कुल संक्रमितों का लगभग 40 प्रतिशत है।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में एक दिन में कोरोना के 1,991 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 29,465 हो गई है। यह एक दिन में संक्रमण के सर्वाधिक मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। अब तक संक्रमण से 639 लोग मरे हैं। 8,023 लोग ठीक भी हो चुके हैं। पाकिस्तान में एक महीने से लगे लॉकडाउन की पाबंदियां धीरे-धीरे कम की जा रही हैं। लॉकडाउन हटाने का पहला चरण शनिवार को शुरु कर दिया गया। सरकार ने अधिकांश व्यवसायों को सुबह से शाम पांच बजे तक खोलने की घोषणा कर दी।

बर्लिन: अमेरिका के बाद कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित यूरोप महाद्वीप में अब मृतकों की संख्या डेढ़ लाख से ज्यादा हो गई है। अब तक 1,52,646 संक्रमितों ने जान गंवाई है जबकि कुल 16,28,068 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। महाद्वीप में सर्वाधिक मौतें ब्रिटेन में 31,855 हुई हैं। मौतों के मामले में यह दुनिया में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर है।यहां अब तक संक्रमितों की संख्या 2,19,183 है। इटली में 2,19,070 संक्रमितों में से 30,560 को अब तक जान गंवानी पड़ी है। स्पेन में 2,64,663 लोग इस वायरस का शिकार हुए जिनमें से 26,621 की मौत हो गई। फ्रांस में अब तक 26,310 लोग मरे हैं जबकि 1,76,658 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जर्मनी में पिछले 24 घंटे के दौरान 667 नए मामलों की से संक्रमितों की संख्या 1,71,704 हो गई है। इनमें से 7,549 मरीजों की मौत हुई है।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top