लखनऊ: यूपी (UP) की जेलों में अब से महामृत्युंजय मंत्र (Mahamrityunjay Mantra) और गायत्री मंत्र (Gayatri Mantra) बजेगा। योगी सरकार की तरफ से कैदियों (Prisoners) की मानसिक शांति के लिए ये एक नया प्रयास किया जा रहा है। जेल मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जेलों में महामृत्युंजय मंत्र और गायत्री मंत्र के उच्चारण का आदेश दिया है।
जेलों में गायत्री मंत्र के उच्चारण का आदेश
बता दें कि जेल मंत्री धर्मवीर प्रजापति के आदेश के बाद यूपी की जेलों में महामृत्युंजय मंत्र और गायत्री मंत्र का उच्चारण शुरू कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि महामृत्युंजय मंत्र और गायत्री मंत्र के उच्चारण से कैदियों को मानसिक शांति मिलेगी।
यूपी को नंबर 1 बनाने का है लक्ष्य
मंत्रियों के साथ बैठक में सीएम योगी ने कहा कि हमारे सामने उत्तर प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। सीएम योगी ने कहा कि लक्ष्यों को तय करते समय व्यावहारिक और आर्थिक पहलुओं का भी ध्यान रखा जाए।
राज्य में विकास और समृद्धि की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सभी विभाग 100 दिन, 6 महीने और वार्षिक लक्ष्य निर्धारित करते हुए विस्तृत और व्यवहारिक कार्य योजना बनाएं।
उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन को सहज और सरल बनाने के साथ जीवन स्तर में सुधार लाने वाली योजनाओं जैसे- ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और स्वामित्व योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।