जारी है वकीलों की हड़ताल, मीडिया कवरेज पर बैन की याचिका खारिज

Tis-Hajari-Strike.jpg

नई दिल्ली/New Delhi: तीस हजारी कोर्ट परिसर में दिल्ली पुलिस और वकीलों के बीच हुए हिंसक प्रदर्शन आज भी जारी है । लगातार चौथे दिन भी 6 जिला अदालतों में कामकाज ठप है। बुधवार शाम को जिला अदालतों की कॉर्डिनेशन कमेटी ने बैठक की थी, जिसमें सभी बार एसोसिएशनों के अध्यक्षों ने सभी निचली अदालतों में हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में सभी जिला अदालतों में बृहस्पतिवार को कामकाज ठप है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट में बृहस्पतिवार सुबह वकीलों ने याचिका दायर कर मीडिया कवरेज पर रोक की मांग की,लेकिन कोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया। HC ने कहा- पुलिस-वकील एक ही सिक्के के दो पहलू, बैठकर सुलझाएं मसला

तीस हजारी कोर्ट: यहां बुधवार की तरह बृहस्पतिवार को भी बड़ी संख्या में वकील जमा हैं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। तीस हजारी अदालत के जिला न्यायाधीश एवं सभी निचली अदालतों के प्रशासनिक मुखिया गिरिश कठपालिया ने सभी के लिए नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि कोई भी किसी भी तरह की विषयवस्तु या वीडियो सोशल मीडिया में शेयर नहीं करेगा। अगर किसी के पास कोई वीडियो है तो अपने जिला न्यायाधीश को दें। सभी अदालतों में जो भी अधिकारी तैनात हैं, उन्हें यह हिदायत दी गई है।

साकेत कोर्ट: बृहस्पतिवार को बुधवार की तुलना में ज्यादा जोरदार विरोध हो रहा है।
पटियाला हाउस कोर्ट : यहां पर भी वकील प्रदर्शन कर रहे हैं। वकीलों की हड़ताल से मामलों की सुनवाई और पेशी पर आने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने गेट खुलने का घंटों इंतजार किया, लेकिन आखिर में मायूस होकर घर लौटना पड़ा। हालांकि उन्हें अगली तारीख मिल गई है। पटियाला हाउस और साकेत कोर्ट परिसर के गेट बंद होने से वहां लोग अंदर नहीं जा सके। द्वारका और रोहिणी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में लोगों को अगली तारीख दी गई। इनमें से अधिकांश ऐसे लोग थे जो दिल्ली के बाहर के थे। उन्हें दिल्ली में वकीलों की हड़ताल के बारे में पता नहीं था।

रोहिणी कोर्ट: यहां पर बुधवार को दो वकीलों ने पुलिस वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आत्महत्या की कोशिश की थी। वकीलों का आक्रोश बुधवार को सभी जिला अदालतों में नजर आया। रोहिणी कोर्ट परिसर में वकील आशीष चौधरी ने सुबह करीब 10 बजे गेट नंबर-चार के समीप केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। समय रहते वहां मौजूद अन्य वकीलों ने उन्हें बचा लिया, लेकिन गुस्साये वकीलों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस घटना के करीब दस मिनट बाद एक अन्य वकील रोहित ने रोहिणी कोर्ट परिसर में चैंबरों के सबसे ऊपरी तल पर चढ़ गए, लेकिन दूसरे वकीलों ने उन्हें समझा-बुझाकर नीचे उतार लिया। रोहिणी कोर्ट के वकील संजीव कुमार ओझा ने कहा कि वकीलों के खिलाफ प्रयोग हो रहे अपशब्दों के कारण उनका मन आक्रोशित है।

कड़कड़डूमा कोर्ट: पूर्वी दिल्ली की इस कोर्ट पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है भारी संख्या में वकील जमा होकर विरोध कर रहे हैं। कड़कड़डूमा कोर्ट में न्यायाधीशों ने कोर्ट में पहुंचकर काम किया, लेकिन कोई भी वकील कोर्ट रूम में नहीं गया। बहुत ही कम संख्या में वे लोग पहुंचे, जिनके केस कोर्ट में चल रहे हैं। कोर्ट ने मामले की सुनवाई किए बिना ही उन्हें केस की अगली तारीख दे दी।

द्वारका कोर्ट: यहां पर भी कामकाज ठप है। सभी बार एसोसिएशन की कोआर्डिनेशन कमेटी के महासचिव धीर सिंह ने कहा कि अगर अदालतों में लोगों को नहीं जाने दिया जा रहा है, तो ऐसा कोर्ट परिसर में पुलिस की मौजूदगी न होने की स्थिति में सुरक्षा कारणों के चलते किया गया है ताकि कोई शरारती तत्व अप्रिय घटना को अंजाम न दे सके। वहीं, एक अन्य वकील ने कहा कि जब तक गोली चलाने वालों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। जिला न्यायाधीश ने जारी किया नोटिस

इससे पहले आइटीओ स्थित पुराने पुलिस मुख्यालय पर मंगलवार को दिनभर चले पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन के बाद बुधवार को वकीलों ने दिल्ली की निचली अदालतों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उनकी हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। सभी छह जिला अदालतों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। रोहिणी जिला अदालत परिसर में एक वकील ने आक्रोशित होकर अपने ऊपर तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश की, जबकि एक अधिवक्ता विरोधस्वरूप छत पर चढ़ गए। साकेत और पटियाला हाउस कोर्ट के मुख्य गेट भी बंद रखे गए और आम लोगों को अंदर नहीं जाने दिया गया। तीस हजारी कोर्ट में भी वकीलों ने प्रदर्शन किया, हालांकि यहां आम लोगों को कोर्ट परिसर में जाने से नहीं रोका गया। वकीलों की हड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी है।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top