Corona Virus in India: मुंबई की लोकल ट्रेन सर्विस पर लग सकती है रोक, 85 लाख लोग रोज़ करते हैं सफर 

Mumbai-Local-Train.jpg
  • मुंबई में एक बुजुर्ग ने दम तोड़ा, देश में कोरोनावायरस के संक्रमण से तीसरी मौत
  • कलबुर्गी में संक्रमण से मरने वाले बुजुर्ग के इलाज में लगे एक डॉक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव

नई दिल्ली/मुंबई: कोरोनावायरस के संक्रमण के प्रभाव को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे मुंबई की लोकल ट्रेन सर्विस रोक सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने मंगलवार को ये जानकारी दी। इन ट्रेनों में हर दिन 85 लाख लोग सफर करते हैं। राजेश ने कहा कि मुंबई लोकल ट्रेन के अलावा, मेट्रो रेल, मोनोरेल और अन्य सार्वजनिक परिवहनों पर भी रोक लगाई जा सकती है। राज्य महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमण के अब तक 36 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। मुंबई में मंगलवार को 64 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। इस तरह देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या तीन हो गई।

वहीं, लद्दाख में मंगलवार को तीन मामले सामने आए हैं। केंद्र शासित प्रदेश में अब कुल संक्रमितों की संख्या सात और देशभर में 129 हो गई है। इससे पहले कलबुर्गी में 63 साल के एक व्यक्ति की और दिल्ली में 69 साल की महिला की जान गई थी। महाराष्ट्र के बुलढाणा में भी एक बीमार बुजुर्ग ने दम तोड़ा था, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।

केंद्रीय मंत्री मुरलीधरन ने संक्रमण के शक में खुद को आइसोलेट किया

कर्नाटक के कलबुर्गी में कोरोनावायरस संक्रमण से मरने वाले 63 साल के व्यक्ति के इलाज में लगे एक डॉक्टर भी संक्रमित हो गए हैं। डॉक्टर और उनके परिवार के सभी लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है। उधर, केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने कोरोनावायरस संक्रमण के शक में खुद को अलग-थलग कर लिया है। वे अभी केरल के त्रिवेंद्रम में हैं।

  • भारतीय सर्वेक्षण विभाग ने मंगलवार को कहा कि कुतुब मीनार 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है।
  • बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) ने अनिवार्य सेवाएं छोड़कर अन्य सभी प्रकार के ऑफिस में 50% कर्मचारियों से ही काम लेने का निर्देश जारी किया है।
  • भारत सरकार ने अफगानिस्तान, फिलीपींस, मलेशिया के यात्रियों पर 31 मार्च तक तत्काल प्रभाव से रोक लगाई।
  • कोरोनावायरस की वजह से फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन ऑफ पुणे के आह्वान पर शहर में सभी दुकानें 3 दिन के लिए बंद की गईं।
  • रतलाम रेल मंडल ने प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 10 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए की, ताकि बेवजह भीड़ न जुटे।
  • ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग संस्थान ने श्रद्धालुओं से तीर्थयात्रा टालने का आग्रह किया।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- सभी को मास्क पहनना जरूरी नहीं

स्वास्थ्य मंत्रालय ने मास्क पहनने की एडवायजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि सभी को मास्क पहनना जरूरी नहीं है। जिन्हें खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ हो वे मास्क पहनें। इनके अलावा जो लोग कोरोनावायरस संक्रमितों या सांस के मरीजों की देखरेख कर रहे हैं, उन्हें मास्क पहनना जरूरी है। यह भी कहा गया है कि मास्क पूरी तरह खोल कर पहनना चाहिए और यह चेहरे से नीचे तक होना चाहिए।

स्वर्ण मंदिर में सैनिटाइजर बांटा जा रहा

पंजाब के शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को हैंड सैनिटाइजर देने का फैसला किया है। वहीं दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए हेल्प डेस्क बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने सभी धार्मिक स्थानों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई है। हालांकि, विधि-विधानों को पूरा किया जाएगा और इसकी वेबकास्टिंग करने का फैसला लिया गया है।

सेना के डायरेक्टर जनरल मेडिकल सर्विसेज लेफ्टिनेंट जनरल आरएस ग्रेवाल ने कहा है कि नौसेना और एयरफोर्स की मदद से जैसलमेर, हैदराबाद, कोलकाता, गोरखपुर, चेन्नई, सूरत, झांसी, जोधपुर और अन्य स्थानों पर क्वारैंटाइन सुविधा बनाई गई है।

तीन देशों से आने वाले यात्रियों पर रोक

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 18 मार्च से 31 मार्च तक यूरोपियन यूनियन, तुर्की और ब्रिटेन के यात्रियों के भारत आने पर रोक लगा दी गई है। सऊदी अरब, कतर और ओमान से आने वालों सभी लोगों को 14 दिनों तक क्वारैंटाइन में रखना जरूरी कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने ट्रैवेल एडवाइजरी जारी कर  ट्रेन, बस और प्लेन से गैर जरूरी यात्रा करने से बचने के लिए कहा है। कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर आज से पर्यटकों के लिए ताजमहल को बंद कर दिया गया है।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top