असम में बाढ़ से करीब 7.19 लाख लोग प्रभावित

assam.jpg

गुवाहाटी: असम (Assam) राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार सोमवार को असम में बाढ़ के कारण छह और लोगों की मौत हो गई, जिससे कुल मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई।

छह नई मौतों में से चार नागांव से और एक-एक होजई और कछार जिलों में दर्ज की गई हैं। ASDMA के मुताबिक 24 मौतों में से 19 बाढ़ के कारण हुई हैं, जबकि पांच लोग अलग-अलग जिलों में भूस्खलन में मारे गए। इस बीच राज्य के 34 में से 22 जिलों में 7.19 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक ASDMA की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 22 जिलों के 2,095 गांवों के 1,41,050 बच्चों सहित कुल 7,19,425 लोग प्रभावित हुए हैं। इसने कहा कि आपदा प्रतिक्रिया बलों और स्वयंसेवकों की मदद से कुल 26,489 फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया है।

साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में कुल 624 राहत शिविर और 729 राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं। इनमें कुल 1,32,717 लोग रह रहे हैं। इतना ही नहीं बाढ़ के कारण 1,30,596.12 हेक्टेयर से अधिक फसल प्रभावित हुई है।

सेना, असम राइफल्स, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), भारतीय सेना, नागरिक सुरक्षा, अर्धसैनिक बल और भारतीय वायु सेना, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने में जिला प्रशासन की मदद कर रही हैं।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top