वॉकिंग करते हुए दे अर्थव्यवस्था में योगदान

Walking.jpg

लंदन, रायटर। रोजाना कुछ देर पैदल चलने से आपकी ही नहीं अर्थव्यवस्था की सेहत भी सुधर सकती है। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। इसके मुताबिक, अगर व्यायाम को लेकर लोग विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के दिशानिर्देशों का पालन करें, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था को सालाना 100 अरब डॉलर (करीब सात लाख करोड़ रुपये) का फायदा हो सकता है।

हेल्थ इंश्योरेंस ग्रुप वाइटेलिटी और थिंक टैंक रैंड यूरोप ने लोगों की गतिविधियों से अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर का अध्ययन किया। इसमें कहा गया कि अगर कंपनियां अपने कर्मचारियों को व्यायाम पर डब्ल्यूएचओ के निर्देश मानने के लिए राजी कर लें तो अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा पहुंच सकता है। इसके लिए बहुत ज्यादा नहीं बस रोजाना 15 मिनट अतिरिक्त वॉकिंग करना या लगातार एक किलोमीटर तक जॉगिंग कर लेना भी पर्याप्त है। रैंड यूरोप के प्रेसिडेंट हैंस पंग ने कहा कि आपकी शारीरिक निष्कि्रयता और उत्पादकता में कमी के बीच गहरा संबंध है। नीति निर्माताओं और कंपनियों को इस दिशा में विचार करना चाहिए कि कैसे अपने लोगों की उत्पादकता बढ़ाएं।

क्या है डब्ल्यूएचओ का निर्देश?

डब्ल्यूएचओ का दिशानिर्देश है कि सभी वयस्क लोगों को हफ्ते में कम से कम 150 मिनट का हल्का व्यायाम या 75 मिनट का तेज व्यायाम करना चाहिए। पिछले साल आए एक अध्ययन के मुताबिक, अमेरिका में 40 फीसद, ब्रिटेन में 36 फीसद और चीन में 14 फीसद वयस्क स्वस्थ बने रहने के लिहाज से बहुत कम या नहीं के बराबर व्यायाम करते हैं।

ऐसे हुआ अध्ययन

अध्ययन में सात देशों के 1,20,000 लोगों से जुड़े आंकड़ों को शामिल किया गया। इन आंकड़ों का एक मॉडल पर विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर 23 देशों व वैश्विक स्तर पर लोगों की शारीरिक सक्रियता से होने वाले आर्थिक फायदे का अनुमान लगाया गया।

ये मिले नतीजे

इसमें पाया गया कि अगर 18 से 64 साल के सभी वयस्क रोजाना 15 मिनट ज्यादा वॉकिंग कर लें, तो दुनिया की अर्थव्यवस्था को सालाना 100 अरब डॉलर का फायदा हो सकता है। शारीरिक रूप से निष्कि्रय रहने वाला कोई 40 वर्षीय व्यक्ति रोजाना 20 मिनट जॉगिंग कर अपनी उम्र को औसतन 3.2 साल तक बढ़ा सकता है।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top