worldHumanRightsDay: क्या हैं आपके मानवाधिकार जानें इनके बारे में

ew.jpg

Human Rights Day 2019: 10 दिसंबर यानि आज दुनियाभर में वर्ल्ड ह्यूमन राइट्स डे मनाया जाता है। इस दिन की शुरुआत 1950 में यूनाइटेड नेशन जनरल एसेंबली में ऐलान के साथ की गई थी। वर्ष 1948 में 10 दिसंबर को ही यूएन ने मानवाधिकारों पर एक डिक्लियरेशन जारी किया था, जो आम इंसान के अधिकारों के बारे में बताता है। मानवाधिकार से मतलब समानता, स्वतंत्रता और शिक्षा जैसे उन मौलिक अधिकारों से है जिनके हकदार दुनिया के सभी इंसान हैं।

स्वतंत्रता और समानता से जुड़े मानव अधिकार
1. दुनिया में सभी इंसान गरिमा और अधिकार के मामले में आजाद और बराबर हैं। हर इंसान को बिना किसी भेदभाव के सभी तरह के अधिकार और आजादी दी गई है। इसमें जाति, रंग, लिंग, भाषा, धर्म, राजनीतिक या अन्य विचार, राष्ट्रीयता, संपत्ति, समाज जैसी बातों को लेकर किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जा सकता है।
2. हर मनुष्य के पास जीवन, आजादी और सुरक्षा का अधिकार है। हर इंसान को यातना, प्रताड़ना और क्रूरता से आजादी का अधिकार हासिल है। किसी भी इंसान को गुलामी या दासता में नहीं रखा जा सकता है। किसी भी तरह के गुलामी के ट्रेड पर भी पाबंदी है।
3. दुनिया के किसी भी कोने में व्यक्ति की पहचान कानून से पहले एक इंसान के तौर पर है। कानून के सामने सभी बराबर हैं और हर इंसान को सुरक्षा का समान अधिकार हासिल है। सभी के पास एक स्वतंत्र और निष्पक्ष अदालत के जरिए सार्वजनिक सुनवाई का अधिकार है। कोर्ट की ओर से दोषी करार न होने तक व्यक्ति को निर्दोष ही माना जाएगा। किसी भी अधिकार की अनदेखी होने पर हर इंसान के पास इंसाफ के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का पूरा अधिकार है।
4. किसी को भी मनमाने ढंग से अरेस्ट, नजरबंद या देश से निकाला नहीं जा सकेगा।

निजता से जुड़े अधिकार
1. इंसान के घर, परिवार, निजी जिंदगी और निजी लेटर्स में किसी भी दूसरे को दखल देने का अधिकार नहीं है। निजता पर हमले के मामले में इंसान के पास कानून से सुरक्षा मांगने का अधिकार है।
2. हर इंसान को जाति, राष्ट्रीय, धर्म की रुकावटों से दूर शादी करने और परिवार बढ़ाने का अधिकार है। वहीं, शादी के समय और शादी के बाद भी महिला और पुरुष को समानता का अधिकार हासिल है।
3. हर इंसान को कल्चरल एक्टिविटीज में शामिल होने का अधिकार है। वो आर्ट और साइंस के जरिए होने वाले विकास और फायदों को अपने लिए इस्तेमाल कर सकता है।

कोई भी कहीं भी आ-जा सकता है
1. हर इंसान के पास अपना देश छोड़कर किसी भी दूसरे देश में शरण मांगने का अधिकार है।
2. अपने देश में कहीं भी आने-जाने की आजादी के साथ ही इंसान को दूसरे देशों में आने-जाने का अधिकार। इतना ही नहीं, वो अपना देश छोड़ भी सकता है और वहां लौट पर सकता है। हर किसी के पास एक राष्ट्र विशेष की नागरिकता का अधिकार है। किसी से भी मनमाने तरीके से उसकी राष्ट्रीयता छीनी नहीं जा सकती है।
3. हर व्यक्ति को अकेले या किसी ग्रुप के साथ मिलकर संपत्ति रखने का अधिकार है। उसकी संपत्ति से उसका अधिकार मनमाने तरीके के छीना नहीं जा सकता।
4. इंसान किसी भी विचार और धर्म को अपनाने की आजादी का अधिकारी है। इसके साथ ही उसने अपना धर्म और विचार बदलने की पूरी आजादी है।

सरकार चुनने और संगठन बनाने और अभिव्यक्त करने का अधिकार
1. देश में सरकार बनाने की एक्टिविटीज में हिस्सा लेने और सरकार चुनने का अधिकार है। इसके साथ देश में पब्लिक सर्विस के क्षेत्र में काम करने का समान अधिकार है।
2. हर इंसान को विचारों को अभिव्यक्त करने की आजादी हासिल है। किसी भी मुद्दे पर बिना किसी दखल इंसान को अपने विचार रखने का अधिकार हैं। उसे मीडिया या अन्य माध्यमों से जानकारी हासिल करने से भी कोई रोक नहीं सकता।
3. हर इंसान के पास शांतिपूर्ण तरीके से संगठन बनाने, संस्था का सदस्य बनने और सभा करने का अधिकार है। हर इंसान को समाज का हिस्सा होने के नाते सोशल सिक्युरिटी का अधिकार हासिल है। इसके साथ व्यक्तित्व के विकास के लिए आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकार हासिल हैं।

मन की नौकरी करने और शिक्षा का अधिकार
1. हर व्यक्ति को काम करने, अपनी पसंद का काम चुनने, बेहतर काम की स्थिति और बेरोजगारी से सुरक्षा का अधिकार है। इसके साथ ही इंसान समान कामके लिए बिना किसी भेदभाव के समान सैलरी का अधिकारी है। वो ट्रेड यूनियन में भी शामिल हो सकता है और उसका निर्माण भी कर सकता है। इंसान के पास अधिकार हैं कि उसके काम करने के घंटे तय हो और छुट्टियों पर सैलरी की कटौती न हो।
2. हर इंसान को खाना, कपड़ा, मकान, मेडिकल फैसिलिटी और जरूरी सोशल सिक्युरिटी का अधिकार हासिल है। हर इंसान को शिक्षा का अधिकार हासिल है। प्राथमिक शिक्षा सभी के लिए अनिवार्य है और ये कम से कम मुफ्त होनी चाहिए।

 

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top