दो कत्लः खूनी साजिश का मास्टरमाइंड निकला नेशनल बॉडी बिल्डर

utuyu.gif

हरियाणा के रेवाड़ी में एक लड़की का कत्ल हुआ। ठीक उसके बाद राजस्थान में एक कैब ड्राइवर का मर्डर हुआ। ये दोनों कत्ल के मामले दिल्ली से जुड़े थे। आप हैरान होंगे कि दो अलग शहर दो अलग लोगों के कत्ल उनका दिल्ली से क्या संबंध? मरने वालों के बीच क्या ताल्लुक? लेकिन जब पुलिस ने इस खूनी साजिश का खुलासा किया तो हर कोई हैरान रह गया। डबल मर्डर की ये साजिश नेशनल अवार्ड हासिल करने वाले एक राष्ट्रीय स्तर के बॉडी बिल्डर और फिटनेस एक्सपर्ट हेमंत लांबा ने रची थी। जिसे पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया।

रेवाड़ी में मिली थी लड़की की लाश

बात बीते शुक्रवार यानी 7 दिसम्बर की है। जब राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में रहने वाली एक युवती की लाश हरियाणा के रेवाड़ी से बरामद हुई थी। उसका जिस्म गोलियों से छलनी था। रेवाड़ी में जहां लाश मिली, वो धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड स्थित रामनगर इलाका था। लड़की की उम्र 22 वर्ष थी। उसे चार गोलियां मारकर हत्या की गई थी। लड़की की पहचान हो जाने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाया तो पता चला कि वह मूलरूप से हनुमानगढ़, राजस्थान की रहने वाली थी। लेकिन कुछ समय से दिल्ली के रोहिणी में अपने पिता के साथ एक रिश्तेदार के घर रह रही थी।

डॉक्टरों के बोर्ड ने किया पोस्टमॉर्टम

रेवाड़ी पुलिस के डीएसपी जमाल खान ने जानकारी दी थी कि लड़की के शव का पोस्टमॉर्टम डाक्टरों के एक बोर्ड से कराया गया है। जिसमें रेप की पुष्टि नहीं हुई थी। उसका विसरा मधुबन प्रयोगशाला में भेजा गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही थी। और उन लोगों को हिरासत में लेने की तैयारी भी थी, जिन पर युवती के पिता ने संदेह जताया था।

राष्ट्रीय पुरुस्कार विजेता निकला हत्यारोपी

हरियाणा के एडीजीपी डॉ. आरसी मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतका लड़की का एक ब्वॉयफ्रेंड हेमंत लांबा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर का बॉडी बिल्डर व फिटनेस एक्सपर्ट है। साउथ वेस्ट दिल्ली निवासी हेमंत लांबा नेशनल अवार्डी भी है। वह 7 दिसम्बर की सुबह युवती को रोहिणी दिल्ली से एक किराए की कैब में लेकर निकला था। यह कैब युवती के मोबाइल नंबर से जयपुर के लिए बुक कराई गई थी और यह कैब ओला कंपनी की कैब थी।

प्यार से मर्डर तक

इस कैब का मालिक व चालक डाबड़ी दिल्ली निवासी देवेंद्र था। देवेंद्र ने अपनी कई गाड़ियां ओला कंपनी में लगाई हुई थी। धारूहेड़ा तक आते-आते न जाने ऐसी क्या बात हुई कि युवती और हेमंत के बीच तकरार होने लगी। और ये प्यार मर्डर तक जा पहुंचा. हेमंत ने धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड स्थित रामनगर के पास युवती की चार गोलियां मारकर हत्या कर दी और शव को वहीं फेंक कैब चालक देवेंद्र के साथ वहां से निकल गया।

कैब चालक का मर्डर

कैब चालक देवेंद्र ने हेमंत को लड़की का मर्डर करते देखा था। वह घबरा रहा था। लेकिन हेमंत ने बंदूक की नोंक पर उसे काबू कर लिया और जयपुर चलने को कहा। हेमंत को अच्छी तरह से पता था कि युवती के मर्डर का राज देवेंद्र खोल सकता है, लिहाजा उसने उसे भी ठिकाने लगाने का फैसला कर लिया। जब उनकी कैब जयपुर में हाइवे से गुजर रही थी, तभी हेमंत ने एक सुनसान जगह पर उसे भी गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। हेमंत ने उसकी लाश हाइवे के किनारे फेंक दी और कैब लेकर फरार हो गया।

ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ा कातिल

हेमंत खुद कैब को चलाकर गुजरात के बलसाड़ जा पहुंचा। उसने कैब को बेचने के लिए अल्पेश नामक एक डीलर से संपर्क किया। डीलर का कुछ शक हुआ तो उसने चुपचाप कैब के ऊपर लिखे मालिक के नाम व फोन नंबर पर कॉल की। फोन देवेंद्र की पत्नी ने उठाया। डीलर ने जब यह कहा कि यह बिकने के लिए आई हुई तो पत्नी ने उसे बताया कि जो शख्स कार बेचने आया है, वो डबल मर्डर करके फरार हुआ है। उसे जाने न दें और पुलिस के हवाले कर दें। डीलर ने फौरन पुलिस बुला ली और हेमंत को उनके हवाले कर दिया। गुजरात पुलिस ने रेवाड़ी पुलिस को मामले की जानकारी दी। रेवाड़ी पुलिस की टीम गुजरात के लिए रवाना हो गई।

आरोपी को रिमांड पर लेगी पुलिस

इस पूरे मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि हत्यारोपी हेमंत लांबा ने अपनी प्रेमिका की हत्या क्यों की। इसका खुलासा तो पुलिस रिमांड के दौरान ही होगा। पुलिस हेमंत को लेकर रेवाड़ी आ गई और अब उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी है। पुलिस हेमंत से सच जानना चाहती है, लिहाजा वह कोर्ट से उसका 14 दिन का रिमांड मांगेगी। पुलिस पता लगानी चाहती है कि क्या हेमंत के साथ कोई और भी इस साजिश में शामिल था। क्या आरोपी और भी वारदातों में शामिल था।

बॉडी बिल्डर के तौर पर जाना जाता है हेमंत लांबा

अपनी प्रेमिका व चालक की हत्या करने वाला स्मार्ट 27 वर्षीय हेमंत लांबा की पहचान एक बॉडी बिल्डर व फिटनेस एक्सपर्ट के तौर पर होती है। वह बी.टेक सिविल इंजीनियर है और बॉडी स्टेरोन हैल्थ केयर प्रा. लि. दिल्ली का चेयरमैन व बॉडी स्टेरोन नेशनल बॉडी बिल्डिंग एंड स्पोर्टस फेडरेशन का राष्ट्रीय महासचिव है। उसने लार्जस्ट स्पोर्टस एंड फिटनेस चेम्पियनशिप का आयोजन भी किया था। वह कई बार सम्मानित भी हो चुका है।

 

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top