दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा पिछले 22 सालों का रेकॉर्ड

cold-delhi-file-image.jpg

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली (Delhi) में शीतलहर का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। हाड़तोड़ ठंड के आगे लोग अब लाचार नजर आ रहे हैं। अधिकतम तापमान पिछले 22 सालों में इतना नीचे कभी नहीं आया, जबकि 27 सालों का यह दूसरा सबसे कम तापमान रहा है। पिछले 24 घंटों से सूर्य की हल्की सी रोशनी तक दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR) में नहीं पहुंची है। बुधवार को भी हालात सुधरने के आसार नहीं हैं।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सिर्फ 2.2 डिग्री का अंतर

ठंड के हालात मंगलवार को और खराब हो गए। अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 10 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान भी 10.4 डिग्री बना रहा जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर महज 2.2 डिग्री रहा। गर्म कपड़ों के बावजूद लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। राजधानी का तापमान फिलहाल कई पहाड़ी इलाकों से भी कम हो गया है।

ठंड से टूटा 22 साल का रेकॉर्ड

दिल्ली (Delhi) में नजफगढ़ दिन के समय सबसे ठंडा बना रहा। यहां का अधिकतम तापमान महज 11.1 डिग्री रहा। इसके अलावा जफरपुर और मंगेशपुर का तापमान 11.6 डिग्री, पूसा का तापमान 11.7 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले 28 दिसंबर 1997 को राजधानी का तापमान 11.3 डिग्री रहा था, जो सबसे कम है। 1992 से अब तक यह दूसरा मौका है, जब दिसंबर में राजधानी का तापमान इतना नीचे गया है।

शुक्रवार तक ठंड से नहीं मिलेगी लोगों को राहत

मौसम विभाग के डेप्युटी डायरेक्टर जनरल डॉ . कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार, इस समय वेस्टर्न हिमालय के क्षेत्र से बर्फीली हवाएं दिल्ली (Delhi) पहुंच रही हैं। साथ ही घने काले निचले बादलों की वजह से धूप धरती तक नहीं पहुंच पा रही है। इसकी वजह से इस तरह की स्थिति बनी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को दिल्ली (Delhi) में बारिश भी हो सकती है।

आगे क्या रहेगा हाल

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी हालत ऐसे ही रहने वाले हैं। अधिकतम तापमान 14 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद स्थिति में थोड़ा सुधार होगा। गुरुवार को तापमान 15 डिग्री तक पहुंच सकता है। 20 और 21 दिसंबर को हल्की बारिश के आसार हैं। दोनों दिन अधिकतम तापमान 18 डिग्री बना रहेगा। 22 और 23 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है और मध्यम स्थिति का कोहरा देखने को मिल सकता है।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top