दिल्ली वालों को अभी और करना पड़ेगा कड़के की ठंड का सामना

DELHI-file-image.jpg

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली (Delhi) के लोगों को रविवार तक कड़ाके की सर्दियों का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके बाद से तापमान में थोड़ा इजाफा होने की शुरुआत होगी। इस बीच, बुधवार के दिन भी दिल्ली के कई हिस्सों में लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ा।

यूं तो इस बार साल की शुरुआत ही कड़ाके की सर्दियों के साथ हुई थी। लेकिन, लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के चलते तीन जनवरी के बाद से तापमान में इजाफा दर्ज किया गया था। इसके चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहा था।

लेकिन, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने और आसमान से बादलों की मौजूदगी समाप्त होने के बाद से मौसम बेहद ठंडा हो गया है। दिन के समय भी लोगों को गलन का सामना करना पड़ रहा है। 

बुधवार दिन में दिल्ली (Delhi) के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जोकि सामान्य से चार डिग्री कम है। जबकि, यहां पर अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जोकि सामान्य से एक डिग्री कम है।

घना कोहरा भी सताएगा

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी। जबकि, मौसम में मौजूद नमी के चलते दिल्ली (Delhi) के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को घना कोहरा भी सताएगा। सुबह के समय कोहरे का प्रभाव गुरुवार के दिन से ही देखने को मिल सकता है। यह कोहरा घना से बेहद घना श्रेणी तक का हो सकता है।

चार दिन राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक इस बीच न्यूनतम तापमान लगातार ही पांच डिग्री से कम रहने के आसार हैं। जबकि, रविवार के बाद से तापमान में हल्का इजाफा होना शुरू होगा और अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक हो जाएगा।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top