Corona Virus: मालदीव में फंसे भारतीयों को लाने के लिए ऑपरेशन ‘समुद्र सेतु’

-समुद्र-सेतु.png

Corona Virus: कोरोना संकट के बीच विदेशों में फंसे भारतीयों की वतन वापसी के लिए भारत सरकार ने कवायद तेज कर दी है। कोरोना वायरस संकट के बीच मालदीव में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए नौसेना ने ‘समुद्र सेतु’ ऑपरेशन शुरू किया है। इस ऑपरेशन के तहत नौसेना का जहाज आईएनएस जलाश्वा आज माले पोर्ट के अंदर दाखिल हुआ। यह जानकारी मालदीव में भारतीय उच्चायोग ने दी है।

इससे पहले नेवी के अधिकारियों ने कहा था कि मालदीव और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए नौसेना के तीन युद्धपोत रवाना हुए हैं। युद्धपोतों में आईएनएस जलश्वा, आईएनएस मगर और आईएनएस शार्दुल शामिल हैं। भारतीय नौसेना के अधिकारी ने जानकारी दी थी कि INS जलाश्वा विशाखापत्तनम से कुछ दिन पहले पूर्वी तट से पश्चिमी तट तक गया था। खाड़ी और अन्य देशों से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए कुल 14 युद्धपोतों को तैयार किया गया है। कोरोना के चलते ज्यादातर देश अपने नागरिकों को वतन वापस लाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

इसके अलावा, कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर लगाई गई पाबंदियों के बीच अमेरिका में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए शनिवार से सात विशेष उड़ानें संचालित की जाएंगी। विशेष सात विमानों में सीमित संख्या में सीटें उपलब्ध होने के कारण भारतीय नागरिकों के नामों को चुनने के लिए कम्प्यूटर पर एक ड्रॉ निकाला जाएगा।

भारत सरकार ने सोमवार को विदेशों में फंसे अपने नागरिकों को सात मई से स्वदेश लाने के लिए एक चरणबद्ध योजना शुरू करने की घोषणा की थी। भारत के नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को बताया कि एयर इंडिया कोविड-19 लॉकडाउन के बीच विदेश में फंसे करीब 15,000 भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए सात मई से 13 मई के बीच 64 उड़ानें संचालित करेगी। भारत विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए अब तक का सबसे बड़ा अभियान ‘वंदे भारत मिशन चलाएगा।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top