कोरोना के नए वेरिएंट से दुनिया में मचा हड़कंप

corona.jpeg

दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस के एक नए वेरिएंट B.1.1.529 के सामने आने के बाद दुनियाभर में इसे लेकर हड़कंप मच गया है। सभी देश इसपर चिंता जता रहे हैं। यूरोपीय संघ के कार्यकारी ने कहा है कि कोविड-19 के एक नए वेरिएंट को फैलने से रोकने के लिए दक्षिणी अफ्रीका से आने वाले हवाई यात्रियों पर संघ रोक लगाना चाहता है।

यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लेयेन ने एक वक्तव्य में कहा कि वह सदस्य देशों के साथ करीबी समन्वय से दक्षिणी अफ्रीका क्षेत्र से आने वाले हवाई यात्रियों को रोकने के लिए आपातकालीन रोक लगाने का प्रस्ताव देती हैं। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस का एक नया वेरिएंट सामने आया है, जिसे वैज्ञानिकों ने चिंता का विषय बताया है। 

वैज्ञानिकों का कहना है कि देश की सबसे घनी आबादी वाले प्रांत गाउतेंग में युवाओं के बीच यह वेरिएंट तेजी से फैला है। कोरोना वायरस के मामलों में चौथी बार वृद्धि होने से 27 देशों वाला यूरोपीय संघ बुरी तरह प्रभावित है और सरकार संक्रमण को फैलने से रोकने की कवायद में पाबंदियों को और सख्त बना रही है। उड़ानों पर प्रतिबंध का यह प्रस्ताव तब आया है जब ब्रिटेन ने बृहस्पतिवार को ऐसा ही कदम उठाया। 

ब्रिटेन ने घोषणा की कि वह दक्षिण अफ्रीका और पांच अन्य दक्षिणी अफ्रीकी देशों से उड़ानों पर प्रतिबंध लगा रहा है और यह प्रतिबंध शुक्रवार दोपहर से लागू होगा। साथ ही उसने कहा कि हाल में इन देशों से लौटने वाले लोगों को कोरोना वायरस की जांच कराने को कहा जाएगा। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जावेद ने कहा कि ऐसी चिंताएं हैं कि नया वेरिएंट डेल्टा वेरिएंट के मुकाबले अधिक संक्रामक हो सकता है और हमारे पास इसके खिलाफ जो वैक्सीन अभी उपलब्ध हैं वे कम प्रभावी हो सकते हैं। 

उन्होंने बताया कि अभी जिस नए वेरिएंट बी.1.1.529 की पहचान की गयी है वह दक्षिण अफ्रीका से बोत्सवाना और हांगकांग में आए यात्रियों में पाया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के तकनीकी कामकाजी समूह की शुक्रवार को बैठक होनी है जिसमें वह नए वेरिएंट का आकलन करेंगे और यह फैसला कर सकते हैं कि क्या इसे ग्रीक अल्फाबेट से एक नाम दिया जा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के मामले पिछले हफ्ते में यूरोप में 11 प्रतिशत तक बढ़ गए और यह दुनिया में इकलौता क्षेत्र है जहां कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

Share this post

PinIt

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    scroll to top